दोकटी थाना अंतर्गत दो गांव के लोगों में रविवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। मामले ने तूल पकड़ लिया और दो गांवों के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से चले लाठी-डंडे में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोकटी पुलिस ने बीच-बचाव कर घायलों को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों कीे ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है।
जिसमें एक पक्ष से सात लोग तथा दूसरे पक्ष से चार लोगों के विरूद्ध नामजद तहरीर दी गई है।थाना क्षेत्र के दलनछपरा-पकड़ीतर गांव निवासी संजीत यादव (20) के अनुसार दोकटी बाजार से बाइक से अपने घर जा रहा था। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज दलन छपरा के सामने स्थित चट्टी पर पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे धक्का दे दिया। जिसका युवक ने विरोध किया।
जिस पर युवकों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। शोरगुल सुन युवक के परिवारीजन और बिरादरी के लोग वहां जुट गए। तभी दूसरे पक्ष के भी लोग वहां इक्कठा हो गए। मामला ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों कीे तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें एक पक्ष के संजीत यादव (20), निखिल यादव (17), पवन यादव (18) तथा दूसरे पक्ष के राजीव रंजन सिंह (27), पंकज पटेल ( 25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर दूसरे पक्ष के राजीव रंजन सिंह की माने तो चट्टी पर बैठकर वह अपने मित्रों साथ चाय पी रहा था। तभी अचानक कुछ बाइक सवार उससे उलझ गए थे। इसका जब उन्होंने विरोध किया तो वह मारने-पीटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए थानाध्यक्ष ने तत्काल सीओ बैरिया और अन्य पुलिस कर्मियों को थाने पर बुला लिया।
दोनों पक्षों कीे ओर से थाने में नामजद तहरीर दी गई। जिसमें दोनों पक्षों के 11 लोगों पर कई धाराएं लगाई गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया था।