कौल गांव स्थित कॉलेज के कोषाध्यक्ष से चार दिन पहले हुई लूट को नीरज खट्टा गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को लूट का खुलासा करते हुए सात बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अभी तीन बदमाश फरार हैं। पुलिस लूटी हुई कार और नकदी बरामद नहीं कर सकी है। बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस और रोहटा क्षेत्र में हुई घटनाओं के 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
सचिन चौधरी पुत्र कुलभूषण निवासी पचपैंडा मुजफ्फरनगर, कौल गांव स्थित कॉलेज में कोषाध्यक्ष हैं। वह इस समय गंगानगर में रहते हैं। मंगलवार सुबह वह साथी राहुल पुत्र सेवारम निवासी आबूलेन के साथ स्फ्टि कार से लौट रहे थे। सांधन पुलिया के पास बदमाशों ने उनसे कार और 85 हजार रुपये लूट लिए थे। शुक्रवार को एसपी देहात डॉ. प्रवीण रंजन ने बताया कि बहसूमा बाईपास पर चेकिंग ेक दौरान सात बदमाश गिरफ्तार किए गए। पूछताछ में पता चला कि यह नीरज खट्टा गैंग के बदमाश हैं। इस गैंग ने ही कोषाध्यक्ष से लूट की थी।
पुलिस कार की आरसी और एक पासबुक बरामद करने का दावा कर रही है। वहीं पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देसी पिस्टल, दो तमंचे, 10 कारतूस और तीन छुरे बरामद किए हैं। वहीं रोहटा क्षेत्र में की गई लूट की घटनाओं में लूटे गए 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। एसपी देहात ने बताया कि बदमाशों ने बहसूमा थाना क्षेत्र में कार लूट सहित खरखौदा, पल्लवपुरम में कई लूट करना स्वीकार किया है। 29 फरवरी को पल्लवपुर में एक चिकित्सक के यहां डकैती डालने के इरादे से घूसे थे, लेकिन जाग होने पर भागना पड़ा था। सभी अपराधी शातिर किस्म के हैं। खुलासे के दौरान सीओ मवाना अब्दुल कादिर, थाना प्रभारी सुरेंद्र भाटी आदि उपस्थित थे।
ये पकड़े गए बदमाश
मंगल उर्फ मांगेराम पुत्र धर्मवीर, मोहन उर्फ जगमोहन पुत्र इंद्र सिंह निवासीा पावली खुर्द, थाना कंकरखेडा, शकील पुत्र इकरामुद्दीन निवासी पल्हैड़ा दौराला, शनि कुमार पुत्र राजपाल निवासी मछरी दौराला, पकंज पुत्र रोहताश, विकास पुत्र नौराज निवासी पल्लवपुरम, मुर्शीद उर्फ सोनू पुत्र गफ्फार निवासी इगलास नगर डाबका थाना कंकरखेडा को गिरफ्तार किया है।
ये बदमाश हैं फरार
नीरज उर्फ पंडित पुत्र ओमपाल निवासी अट्टा, चिदौंडी रोहटा, अनुज उर्फ चीकू पुत्र यादवेंद्र निवासी चिदौंडी, वाहिद पुत्र अली हसन निवासी खरदौनी इंचौली भागने में सफल रहे।
गैंग के सरगना है नीरज, मंगल
एसपी देहात ने बताया कि गैंग के सरगना नीरज और मंगल हैं। नीरज राहुल खट्टा का भतीजा है। जबकि सरगना मंगल हिस्ट्रीशीटर है। ये वारदात को अंजाम देेने के लिए दिल्ली, नोएडा. हरियाणा, बागपत आदि से बदमाशों को बुलाते हैं। बदमाश शकील वारदात की जगह चिह्नित करता है। नीरज के पास पास लूटी गई कार तथा नगदी आदि बताई गई है। दूसरे राज्यों के नंबरों की गाड़ियां इनके निशाने पर होती थीं। उस दिन भी उत्तराखंड नंबर की गाड़ी देख इन्होंने घटना को अंजाम दिया। वहीं बदमाशों ने घटना से पहले मोबाइल स्विच आफ कर लिए थे। ताकि सर्विलांस पर न आ सके।