मोहल्ला मोरी तेलियान में शिकायत लेकर बहन के घर पहुंचे सालों को बहनोई ने ही भाई के साथ मिलकर मारपीट कर घायल कर दिया। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। यह मामला सहारनपुर जिले के देवबंद का है।
झबरेड़ा निवासी वसीम ने बताया कि उसने मोहल्ला खानकाह में दूध की डेयरी कर रखी है। जहां पर वह चाय और कॉफी आदि भी बेचता है। आरोप है कि मोहल्ला मोरी तेलियान निवासी उसके बहनोई का भाई आए दिन दुकान पर आकर चाय पीता और बिना पैसे दिए चला जाता। बुधवार को उसने पैसे मांगे तो वह गाली गलौज करते हुए वहां से चला गया। इसके बाद उसने परिजनों से इस बाबत बताया तो बृहस्पतिवार को उसका भाई ताहिर, रिजवान और मुस्तकीम देवबंद पहुंचे। वसीम का आरोप है कि रिश्तेदारी होने के चलते चारों भाई शिकायत लेकर बहन के घर पहुंचे तो उन्हें देखते ही बहनोई और उसका भाई गाली गलौज करने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उन पर लाठी डंडों और लोहे के पंच से हमला बोल दिया। इसमें चारों भाई घायल हो गए। बाद में वह कोतवाली पहुंचे जहां से पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।