जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को दलित किशोरी की गला काटकर हत्या कर दी गई। शाम के समय शव सरसों के खेत में मिला। हत्या की सूचना से गांव में सनसनी मच गई। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने पर एसएसपी फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। शव के पास से मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई हैं।
जानी थाना क्षेत्र के गांव में एक व्यक्ति 16 साल पहले अपनी रिश्तेदारी में जाकर रहने लगा था। शुक्रवार सुबह दस बजे उसकी 17 वर्षीय बेटी अपने भाई के साथ खेत से चारा लेने गई थी। दोनों भाई-बहन अलग अलग खेत में काम करने लगे। काफी देर बाद किशोरी नहीं मिली, तो उसके भाई ने आवाज लगाई। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। भाई ने इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। परिजन और ग्रामीण किशोरी की तलाश करते हुए जंगल में पहुंचे। काफी तलाश करने के बाद शाम को किशोरी का शव सरसों के खेत में मिला। उसके गले पर धारदार हथियार के निशान थे। शव के पास दांती और एक दो सिम वाला मोबाइल पड़ा हुआ था। वारदात की सूचना पर पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। यूपी 100 की गाड़ी के साथ इंस्पेक्टर जानी भी मौके पर पहुंच गये। बाद में एसएसपी जे. रविंदर गौड़, एसपी देहात श्रवण कुमार सिंह, सीओ सरधना और डॉग स्क्वॉयड की टीम भी पहुंची। मौके से मिला मोबाइल गांव के ही एक युवक का है। वह घटना के बाद से फरार है। पुलिस दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक से ज्यादा हो सकते हैं आरोपी
पुलिस की मानें तो हत्या करने वाले एक या दो युवक हो सकते हैं। जिस जगह सरसों के खेत में किशोरी का शव मिला है वहां सरसों के पौधे भी टूटे थे। ऐसे में पुलिस मान रही है कि हत्यारोपियों से बचने के लिए किशोरी ने कोशिश की होगी, लेकिन उसे भागने नहीं दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का कारण पता चल सकेगा।
48 घंटे में दूसरी हत्या
देहात क्षेत्र में 48 घंटे के बाद दूसरी लड़की की हत्या की गई है। 18 जनवरी को फलावदा थाना क्षेत्र में एक युवती को जंगल में अगवा कर गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। युवती का शव भी नग्न हालत में मिला था। शव के पास एक मोबाइल फोन, दो सिम और आपत्तिजनक सामग्री का पैकेट भी मिला था। फलावदा की हत्या का अभी खुलासा भी नहीं हुआ और जानी में वारदात हो गई।