पाक जासूस के गैजेट्स में कैद भारतीय सेना और सुरक्षा से जुड़े अहम तथ्यों की सीबीआई लैब में गहनता से पड़ताल हो रही है। मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण एफएसएल अफसर जल्दबाजी के मूड में नहीं हैं। यही वजह है कि बुधवार को रिपोर्ट नहीं मिल सकी। थाना सदर बाजार पुलिस 3 दिसंबर को इजाज से बरामद मोबाइल, मेमोरी कार्ड, लैपटॉप और पेन ड्राइव जांच के लिए दिल्ली सीबीआई लैब को भेजी थी। सप्ताह भर में रिपोर्ट मिलने की उम्मीद थी। लेकिन अब पाक जासूस के गैजेट्स की जांच आसान नहीं दिख रही है।
हर ई-मेल और डाटा खंगाल रहे वैज्ञानिक
इजाज ने बीते एक साल में अपने मोबाइल और लैपटॉप से आईएसआई ही नहीं, उससे जुड़े एजेंटों को कई सूचनाएं भेजीं। ऐसे में लैब में उसके मोबाइल और लैपटॉप की गहनता से जांच की जा रही है। लैब वैज्ञानिक उसके मोबाइल और लैपटॉप के उस डाटा को भी वापस लाने की कोशिश में जुटे हैं, जो उसने भेजने के बाद डिलीट कर दिया था। माना जा रहा है कि इस डाटा से कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड में दस्तावेज
खुफिया एजेंसियों की मानें तो इजाज के 16 जीबी के पेन ड्राइव में सैन्य गोपनीय दस्तावेज के अलावा कई अहम जानकारियां हैं। उसके मेमोरी कार्ड में छावनी के संवेदनशील क्षेत्रों की फोटो भी हैं। ऐसे में लैब वैज्ञानिक मेमोरी कार्ड और पेन ड्राइव के हर फोल्डर और दस्तावेजों का गहनता से परीक्षण कर रहे हैं। यही वजह है कि लैब रिपोर्ट आने में वक्त लग रहा है। विवेचक धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने में थोड़ा वक्त लगेगा। इजाज के गैजेट्स का बेहद गहनता से परीक्षण किया जा रहा है।