पुलिस रिमांड के दौरान अपने हिसाब से चीजों को पेश करने वाले शातिर पाक जासूस मोहम्मद इजाज ने अब चुप्पी साध ली है। पुलिस और खुफिया जांच एजेंसियों के सवालों के जवाब इजाज नपे-तुले दे रहा है और ज्यादातर समय वह चुप ही रहता है। इजाज से बरामद हुए गैजेट्स और दस्तावेजों की रिपोर्ट न आने पर खुफिया एजेंसियां भी पंगु साबित हो रही हैं। सोमवार को रिमांड का समय पूरा हो रहा है और उसे जेल भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 27 नवंबर को मेरठ कैंट स्टेशन से पाकिस्तान इस्लामाबाद निवासी पाक जासूस मोहम्मद इजाज को गिरफ्तार किया गया था। सदर थाना पुलिस की रिमांड अपील पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 2 दिसंबर सुबह आठ बजे सात दिसंबर दोपहर 12 बजे तक पाक जासूस मोहम्मद इजाज को पुलिस रिमांड पर देने के आदेश दिए थे।
2 दिसंबर से पुलिस रिमांड पर आने के बाद से सदर थाना पुलिस के अलावा, एसटीएफ, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस, एयरबेस इंटेलिजेंस, एंट्री टेररिस्ट स्क्वाएड, देहरादून इंटेलीजेंस ने कई पहलुओं पर पाक जाससू से पूछताछ की। पाक जासूस ने खुद केपाकिस्तानी होने के साथ कई अन्य चीजों का खुलासा किया। उसने बताया कि वह आईएसआई के इशारे पर किस तरह से भारत आया और फिर उसने कैसे यहां पर सैन्य गतिविधियों की जानकारी आईएसआई को भेजी।
पांच दिन तक दी जानकारी
खुफिया एजेंसियों को मिले सुबूत और कोलकाता एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए इजाज के साथी इरशाद अंसारी, अशफाक, जहांगीर से मिली जानकारी के आधार पर हुई पूछताछ में इजाज ने शुरू के पांच दिनों तक कई जानकारी दी। लेकिन रिमांड के छठे दिन इजाज ने चुप्पी साध ली और खुफिया एजेंसियों को बस यही कहता रहा कि वह जो बताना चाहता था, उसने बता दिया, अब उसके पास बताने को कुछ नहीं है।
जेल जाने से पहले होगा मेडिकल
आईओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के तहत सोमवार दोपहर 12 बजे से पहले पाक जासूस को जिला कारागार भेज दिया जाएगा। जेल में दाखिल करने से पहले इजाज का मेडिकल कराया जाएगा।