तीन तलाक का मुद्दा देश में छाया हुआ है। इस मुद्दे पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे है। रोजाना तीन तलाक के मामले सामने आते रहते हैं। ताजा मामला मेरठ में सामने आया है, जहां 5 मिनट में पति ने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक बोल दिया। अब पीड़िता परिवार के साथ मिलकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ मांगने की तैयारी कर रही है।
मेरठ के थाना कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली परवीन का निकाह मवाना निवासी दाऊद से 6 महीने पहले ही हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही दाउद और उसके परिवार वाले परवीन को परेशान करते थे। बुधवार को दाउद ने परवीन को तीन बार तलाक बोलकर घर से बाहर निकाल दिया। परवीन का आरोप है कि उसके पति के कहीं और संबंध हैं, जिस वजह से उसको तलाक देकर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी गई।
परवीन ने पुलिस से तो गुहार लगायी
सीएम योगी आदित्यनाथ
इस मामले में परवीन ने पुलिस से तो गुहार लगायी ही है। लेकिन अब वह अपनी बुआ और बहन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाने की बात भी कह रही है। परवीन ने कहा कि वह योगी आदित्यनाथ से मिलकर बताएगी कि तीन तलाक पर उनकी सोच पूरी तरह सही है, जहां पर पांच मिनट में किसी औरत की जिंदगी बर्बाद कर दी जाती है। ऐसी महिलाएं जिंदगी भर मुसीबतें झेलती रहती हैं। ऐसे में योगी सरकार से हम अपील करते है कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा दिलाएं जो महिलाओं को महज चंद मिनटों में तीन बार तलाक बोलकर जिंदगी भर के लिए ठोकरें खाने के लिए छोड़ देते हैं।
परवीन की बहन सबाना में इस तरह की तलाक की घटनाओं को लेकर गुस्सा नजर आया। उसने कहा कि वर्तमान योगी सरकार तीन तलाक को लेकर जो कर रही है, सही कर रही है। हम उनके साथ हैं और इस तरह तीन तलाक देना इस्लाम के खिलाफ है।
परवीन की मां नहीं है और बुआ मुसर्रत उसके साथ रहती है। मुसर्रत ने भी परवीन और सबाना की बात का समर्थन करते हुए कहा कि इस तरह का तलाक नाजायज है। वह योगी सरकार के साथ मिलकर ऐसे 5 मिनट के तलाक देने वाले के खिलाफ कार्यवाही में साथ देने को तैयार है। आज तक किसी ने इस मुद्दे पर बात नहीं की। लेकिन योगी सरकार ने ये तलाक का मुद्दा उठाया है, जिसका हम सम्मान करते हैं।