घर में मोहल्ले के युवक के साथ बेटी के होने का पता चलने पर पिता ने आपा खो दिया। उसने छुरी से गला रेतकर बेटी की हत्या कर दी और शव को घसीटते हुए प्रेमी के घर ले जा रहा था, लेकिन उधर से पथराव होने पर वह शव को गली में ही छोड़कर लौट आया। इससे पहले लड़की की मां ने युवक को कमरे में बंद कर दिया था। मौके पर जुटी भीड़ युवक को बाहर निकालकर खुद सजा देना चाह रही थी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से युवक को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी पिता और युवक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार को दिन निकलने से पहले ही कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान गर्बी मोहल्ले में जब्बार कुरैशी के मकान में मोहल्ले का युवक दिलनवाज घुस गया। भनक लगने पर ऊपरी मंजिल पर सो रही मां ने लड़की को युवक के साथ देखा तो पारा चढ़ गया। उसने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और आसपास के लोगों को खबर कर दी। जिस पर काफी लोग एकत्र हो गए। भीड़ युवक को बाहर निकालकर सबक सिखाना चाहती थी, लेकिन लड़की ने अंदर से कमरे का कुंडा बंद कर लिया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने कमरा खुलवाकर लड़के को कब्जे में लिया, तो भीड़ भड़क गई। भीड़ युवक को अपने कब्जे में लेना चाहती थी। इस दौरान पुलिस की भीड़ से झड़प भी हुई।
बेटी की लाश को घसीटते हुए प्रेमी के घर के बाहर फेंक आया
पिता ने बेटी का गला काट डाला
पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद युवक को थाने ले आई। लड़की (15 साल) का पिता जब्बार यमुनानगर से कपड़ा बेचकर करीब सुबह आठ बजे घर पहुंचा तो उसे घर में दिलनवाज के घुस आने की खबर मिली। जिससे वह आपा खो बैठा। उसने छुरी से गला रेत कर लड़की को मार डाला। इसके बाद लहूलुहान शव को लेकर वह आरोपी युवक के घर पर घसीटता ले जा रहा था। विरोधी पक्ष की तरफ से मामूली पथराव होने पर वह शव को युवक की गली में डालकर घर आ गया। खबर लगने पर पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपी पिता को हिरासत में लिया। दिनदहाड़े ऑनरकिलिंग की घटना से सनसनी फैल गई। आरोपी के भाई सलीम ने भतीजी की हत्या का मुकदमा जब्बार के खिलाफ दर्ज कराया है। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने मौके का मुआयना किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपी युवक का छेड़छाड़ में चालान
चरथावल। जिस युवक की वजह से एक किशोरी की जान चली गई और इतनी बड़ी वारदात हुई, पुलिस ने उस आरोपी दिलनवाज के खिलाफ घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ और पॉक्सो अधिनियम की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी सभासद का भाई है। तनातनी के मद्देनजर आरोपी युवक को पुलिस ने हवालात में लड़की के बाप से अलग रखा था।
हत्या के मामले में कई तहरीर बदली
यूपी पुलिस
लड़की की हत्या के मामले में पुलिस के सामने कई तहरीर बदली गई। दोपहर एक बजे सलीम की तरफ से फाइनल तहरीर दी गई है। जिसमें पड़ोसी युवक का सिर्फ घर में घुसना बताया गया है। जब्बार की लड़की के साथ किसी तरह के भी संबंधों का कोई जिक्र नहीं किया गया है, लेकिन आवेश में आकर बाप द्वारा बेटी को बेरहमी से मौत के घाट उतारना कोई मामूली घटना नहीं है। लड़की की हत्या कई सवाल खड़े कर रही है। हालांकि पुलिस आरोपी युवक और लड़की के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लेकर संबंधों के बारे में मालुमात करने की तैयारी कर रही है।
हवालात में गुस्से में था आरोपी बाप
चरथावल। लड़की की हत्या का आरोपी बाप हवालात में भी आक्रोश में था। उसके चेहरे पर बेटी की हत्या का कोई गम नहीं था, बल्कि वह चीखकर कह रहा था कि यदि युवक उसे मिल जाता तो उसका भी यही हाल करता। थाने में पुलिस से सवाल कर रहा था कि उन्होंने दिलनवाज को कहां छिपाया है, वह उसे नहीं छोड़ेगा।