मेरठ जनपद के थाना परीक्षितगढ़ में जिला पंचायत सदस्य और हिस्ट्रीशीटर विजय धामा के गांव रामनगर में पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। मारपीट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पर ग्रामीणों ने पुलिस को पीटा, पथराव किया और पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की। पुलिस को वहां से जान बचाकर भागना पड़ा। पथराव में एसओ, दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए।
गांव में सोमवार को लेनदेन को लेकर योगेश व आकाश में विवाद हो गया था। योगेश का आरोप है कि आकाश और उसके पिता रेगन ने उसकी पिटाई की। इस शिकायत पर एसओ परीक्षितगढ़ कैलाशचंद, दरोगा इंतजार अली, सिपाही जितेंद्र, नीलेश ने सोमवार रात गांव में दबिश देकर आकाश को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया। इस पर आकाश के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला बोल दिया।
यह भी पढ़ें: बवाल की 12 तस्वीरें... फिर जलने से बचा सहारनपुर, पुलिस पर जमकर पथराव, सीओ समेत कई घायल
पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस टीम किसी तरह आरोपी को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने आकाश, रेगन, विकास, सतीश, मोहित, राजपाल, गौरव, राहुल, लीले, भीम, सोनू, मोनू, रामपाल, समरपाल, केसर, महाराज सहित 16 आरोपी नामजद और 5-7 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ बलवा समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कड़ी कार्रवाई होगी
मारपीट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस के साथ बदसलूकी और पथराव करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- अविनाश पांडेय, एसपी देहात
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/