गोकलपुर में रविवार को तीसरे दिन भी सांप्रदायिक तनाव की स्थिति रही। जिसके चलते दिनभर गांव में पुलिस फोर्स का पहरा रहा। रविवार को पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं समेत बीस लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित गांव गोकलपुर में प्राचीन शिव मंदिर में चोरों ने दान पात्र से नकदी चोरी करते हुए वहां पर रखी मूर्ति को खंडित कर दिया था। इसके बाद मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग हो गई थी। रविवार को गांव में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए भावनपुर, इंचौली, गंगानगर, और परीक्षितगढ़ थाने की पुलिस के साथ एक्शन मोबाइल टीम भी पहुंची। अलग-अलग स्थानों पर पुलिस तैनात है। शनिवार को तीन मुकदमें दर्ज हुए थे। जबकि एक मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया था। वहीं जाम लगाने वालों पर मेडिकल थाने में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। अब नारेबाजी, मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव को लेकर हसनपुर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने हिंदू युवा वाहिनी के अमित ठाकुर, गौरव शर्मा, राजकमल, अंकित शर्मा, अनूप रस्तोगी, सचिन मित्तल सहित 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कराई है।
एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि गोकलपुर में तनाव को देखकर फोर्स तैनात की गई है। पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।