मेरठ। कबाड़ी बाजार स्थित रेडलाइट एरिया में कोठों से निकली पांच सेक्सवर्कर बुधवार को सोतीगंज स्थित रंजीत होटल में पकड़ी गईं। होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ और पुलिस ने पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसको लेकर शहर में अलग-अलग चर्चा हैं। कोठों से निकलकर 400 सेक्सवर्कर शहर में फैली हैं, इसे अमर उजाला ने बुधवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारी को मुखबिर ने सूचना दी कि सोतीगंज स्थित रंजीत होटल में सेक्स रैकेट चल रहा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर लालकुर्ती रोजंत त्यागी और एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ मिलकर होटल में छापा मारा। जहां से पांच महिला और पांच युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस युवकों को गिरफ्तार कर सदर बाजार थाने ले आई। वहीं, पकड़ी गई महिलाओं के परिजनों को होटल में बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक होटल में गहमागहमी का माहौल रहा।
एसओ सदर विजय गुप्ता ने बताया कि ब्रह्मपुरी और देहली गेट थानाक्षेत्र के कबाड़ी बाजार के रेडलाइड एरिया में कोठों से निकलकर सेक्सवर्करों ने होटलों और किराये के मकान लेकर शहर में अपना जाल बिछाया हुआ है। 75 कोठों से 400 सेक्सवर्कर का धंधा शहर में अलग-अलग जगहों पर चल रहा है। इसको लेकर चर्चा भी बहुत है। पुलिस का दावा कि पूछताछ में सेक्सवर्करों ने कोठों पर रहने की बात भी बताई है। यह सुनकर पुलिस ने गंभीरता से जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी।
होटल में मची खलबली
पुलिस फोर्स का होटल में छापा लगते ही खलबली मच गई। पुलिस ने होटल का अंदर से दरवाजा बंद किया और पूरी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मीडिया को पुलिस ने दूर रखा। होटल में पांच युवक और सेक्सवर्करों के पकड़े जाने का पता लगते ही लोगों की भीड़ लग गई।
महिला होटल में ही रखीं
सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पांच महिलाओं को पुलिस ने होटल में रखा। पुलिस का कहना था कि महिलाओं के परिजनों को बुलाया जा रहा है, ताकि उनको सुपुर्दगी में दे सकें। पकड़ी गई तीन महिलाओं के परिजन बाहर रहते हैं। शाम तक इसको लेकर बहस चलती रही।
खुली पोल, लगेेंगे छापे
कोठों से निकलकर शहर में कई जगहों पर सेक्स रैकेट चल रहा है। इसकी जानकारी पर पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता जताई। होटल रंजीत में छापा लगने पर सेक्सवर्करों की पोल खुल गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छापेमारी का अभियान जारी रहेंगे। पुलिस मजबूती से कार्रवाई करेंगी।
होटल मालिक पर केस दर्ज
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि रंजीत होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। होटल से पकड़े युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं से पूछताछ की गई, उनके परिजनों को बुलाकर जानकारी करेंगे।