कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित खिर्वा रोड पर एक स्कूल बस के चालक को लोगों ने बारहवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। चलती बस में चालक छात्रा से अश्लील हरकतें कर रहा था जबकि बस अनाड़ी हेल्पर चला रहा था। इस दौरान हेल्पर मौके से भाग निकला। लोगों ने चालक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। वहीं, तहरीर न मिलने पर पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया।
मामला सोमवार दोपहर का है। दौराला क्षेत्र के एक स्कूल की बस कंकरखेड़ा में बच्चों को घर छोड़ने पहुंची थी। शिव चौक पर बस खाली हो गई और हाईवे की तरफ चलने लगी। इस दौरान लोगों ने देखा कि युवक बस को ठीक ढंग से चला नहीं पा रहा था। कई जगह लोगों को टक्कर लगने से बची। उसके अलावा बस की गति बहुत धीमी थी। खिर्वा रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने बस ने एक महिला को टक्कर मार दी। जिसमें उसे मामूली चोट आई।
विज्ञापन
महिला ने कोई खास विरोध नहीं किया। चालक को नसीहत देकर वह वहां से चली गई। उसी से ठीक दस कदम आगे बस फिर से डगमगाई तो लोगों को शक हुआ और उन्होंने बस चला रहे युवक को रुकने के लिए कहा। जिसके बाद वह तुरंत बस छोड़कर मौके से भाग गया। इस बीच लोगों ने देखा तो एक युवक एक छात्रा को लेकर सबसे पीछे वाली सीट पर मौजूद था। वह छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। यह देखते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। लोग चालक को बस से ही पीटते हुए सड़क पर ले आए और जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी चालक को थाने ले गई।
पहले पकड़ा, फिर छोड़ा
पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को पकड़ा। लेकिन बिना कार्रवाई ही छोड़ दिया। कस्बा चौकी इंचार्ज राहुल सिरोही का कहना है कि छात्रा व उसके परिजनों के अलावा जिस महिला को बस की टक्कर लगी थी, उसने भी तहरीर नहीं दी। जिसके बाद आरोपी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वहीं संबंधित स्कूल के संचालक का कहना है कि बस टकराने को लेकर चालक का लोगों से विवाद हुआ था। छात्रा से अश्लील हरकत करने जैसी कोई बात उनके सामने नहीं आई है। किसी छात्रा या उसके परिजनों ने भी उनसे कोई शिकायत नहीं की है।