गांव देवली खेड़ा उर्फ जैनपुर में आधा दर्जन गायों की हत्या करने तथा अवशेषों को गांव के बाहरी छोर स्थित ईख के खेत में दबाने की जानकारी मिली। इस पर विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा प्रमुख और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर अवशेषों को जमीन से निकालकर हंगामा कर दिया।
उन्होंने मेरठ-करनाल मार्ग पर अवशेष रखकर जाम लगा दिया। इसके चलते आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ एसडीएम और सीओ पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने सरूरपुर थाने को संस्पेड करने तथा आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की। वहीं, अधिकारियों से पांच दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर ही जाम खोला।
गांव जैनपुर के बाहरी छोर स्थित असलम के ईख के खेत में गोकशी की घटना को अंजाम दिया गया। इसकी जानकारी पाकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे। ईख के खेत में दबी खालें भी मिल गईं। इसके बाद करीब डेढ़ बजे संगठन के कार्यकर्ताओं और गोटका, डाहर, सरूरपुर, करनावल, भूनी बपारसी के ग्रामीणों ने तीन गायों की खालें और अवशेषों को मेरठ-करनाल मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
इसकी जानकारी पाकर कई थानों की फोर्स, एसडीएम सरधना, सीओ दौराला और सीओ सदर देहात मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। यहां मौजूद लोगों ने थाना सरूरपुर के स्टाफ को सस्पेंड करने, आरोपियों पर रासुका लगाने और जैनपुर गांव के लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग की।
एसडीएम के आश्वासन पर घटना की जांच इंस्पेक्टर सरधना मेहर सिंह को सौंपकर पांच दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर लोग शांत हुए। इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद जाम खोला। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। वहीं, पुलिस ने खेत मालिक असलम को हिरासत में ले लिया है। भाजपा के सुनील भराला, बजरंग दल के राजकुमार डूंगर, बलराज डूंगर, मिलन सोम, राजीव वर्मा, कन्नूमल जैन, उपदेश राणा, शिवम पूनिया, शक्ति डागर, डा. ओमेन्द्र दहिया, सतेंद्र कुमार, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।