खरखौदा थानाक्षेत्र के लोहियानगर की एक युवती को एक समुदाय के दो युवकों ने दिनदहाडे़ अगवा कर लिया। काफी तलाश करने के बाद पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत थाने में की।
कोई कार्रवाई न करने पर पीड़ित परिवार ने शनिवार को पहले बिजली बंबा बाईपास और एसएसपी ऑफिस पर हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लोहियानगर की एक युवती तीन दिन पहले लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के युवक वकील अहमद और नजीर उनकी बेटी को जबरन उठाकर ले गए हैं। पीड़ित परिवार आरोपी के घर पर अपनी बेटी को तलाश करने पहुंचा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी गई। शनिवार को पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पहले बिजली बंबा बाईपास पर हंगामा कर हापुड़ रोड जाम करने का प्रयास किया।
पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया तो पीड़ित परिवार एसएसपी ऑफिस पहुंच गया। लोगों ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के युवक जबरन युवती को बंधक बनाकर धर्म परिवर्तन कराना चाहते हैं। अगर उनकी बेटी बरामद नहीं हुई तो वह एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह करेंगे। एसएसपी ऑफिस में शिकायत पत्र देकर वह लौट गए। एसओ खरखौदा पीयूष दीक्षित का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। युवती को पुलिस जल्द बरामद कर लेगी।
इलाहाबाद में बंधक है बेटी
एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी नाबालिग बेटी इलाहाबाद में आरोपी वकील अहमद ने बंधक बनाकर रखी हुई है। आरोपी के मोबाइल की लोकेशन इलाहाबाद में है, इसके बावजूद पुलिस बेटी को बरामद करने के लिए वहां नहीं गई। पुलिस प्रधानी चुनाव के बाद उनकी बेटी को बरामद करने की बात कह रही है।