मेरठ के एक गांव में निकाह पढे़ जाने के पहले दूल्हे ने कार की मांग कर दी। इससे नाराज दुल्हन के पिता ने निकाह से इंकार कर दिया। साथ ही खाने में खर्च हुए पैसे लौटाने की मांग रखकर बारात समेत दूल्हे को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस देरशाम तक दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास करती रही।
गांव निवासी युवक ने अपनी पुत्री का विवाह किला परीक्षितगढ क्षेत्र के एक युवक से डेढ़ साल पहले तय किया था। बुधवार को एक पैलेस में युवक बारात लेकर आया। बारात के स्वागत के बाद शाम को निकाह पढ़े जाने की तैयारियां शुरू हो गईं। तभी एन वक्त दूल्हे ने स्विफ्ट कार की मांग रख दी। दूल्हे के परिजनों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इससे नाराज दुल्हन के पिता ने अपनी बेटी का निकाह कराने से इंकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों ने खाने में खर्च हुए ढाई लाख रुपये की रकम न मिलने तक दूल्हे व बारात को बंधक बना लिया। बारात घर के दरवाजों पर ताले जड़ दिए। देरशाम सूचना पर इंचौली पुलिस मौके पर पहुंची। दुल्हन के पिता ने बताया कि वह प्लंबर का काम करते हैं। अपनी हैसियत के अनुसार उन्होंने दूल्हे को दहेज में पैसन प्रो बाइक दी। लेकिन अब उसने कार की मांग रख दी।