देहरादून निवासी एक महिला द्वारा पति की हत्या करने की आशंका की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक माह से लापता व्यक्ति का शव जंगल से बरामद कर लिया। घटना यूपी के बिजनौर जनपद की है।
देहरादून के रायपुर निवासी मकसूदी ने 20 मई 2019 से पति जावेद के लापता होने की देहरादून के रायवाला थाने को सूचना दी थी, जिसमें मकसूदी ने नजीबाबाद के परमावाला निवासी मुफीद पर उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की थी। मकसूदी की ओर से नजीबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद नजीबाबाद और देहरादून पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। आरोपी मुफीद को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपने दोस्त 48 वर्षीय जावेद की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर शव जंगल में गाड़ने का आरोप स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी संजय पांचाल के निर्देशन में क्षेत्रीय एसआई रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुफीद की निशानदेही पर जावेद का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा गया है।
सीओ महेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में मुफीद की पत्नी से मृतक जावेद के अनैतिक संबंध होने का मामला प्रकाश में आया है। मुफीद ने अपनी पत्नी की मदद से ही जावेद को नजीबाबाद बुलाया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/