बिजनौर की नांगल पुलिस ने दस साल पहले ट्रक से सात लोगों को निर्ममता पूर्वक रौंदकर मौत के घाट उतारने वाले सजायाफ्ता आरोपी चालक को पुलिस ने दबोच लिया है। हाईकोर्ट से वारंट जारी होने के बाद उसे दबोचा गया है। अब तक यह चालक सजा होने के बाद पुलिस को चकमा दिए घूम रहा था।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक 18 मई 2009 को थाना नांगल के गांव अलीपुर द्वारिका निवासी राजवीर सिंह ने अपने ट्रक से मेटाडोर में टक्कर मारकर उसे पलट दिया था। इस दौरान ट्रक को दो बार आगे पीछे करके मेटाडोर को रौंदता रहा। मेटाडोर में सवार यात्रियों को बेरहमी के साथ कुचल दिया था। इस घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 16 गंभीर घायल हो गए थे। इस हादसे को देखकर आसपास के लोगों के भी मौके पर पहुंचने की हिम्मत नहीं हो रही थी। आरोपी को पुलिस ने दबोचकर न्यायालय में पेश किया था। तीन दिसंबर 2012 को एडीजे अष्टम बिजनौर ने आरोपी राजवीर को आठ साल की सजा सुनाते हुए दस हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया था। धारा 427 आईपीसी में एक साल के अतिरिक्त कारावास से दंडित करने के भी आदेश पारित किए थे। उच्च न्यायालय इलाहाबाद से राजवीर के एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किए गए। उसी के आधार पर राजवीर को दबोचा गया।