गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शब-ए-बरआत पर लिसाड़ी गेट क्षेत्र में पशु कटान को लेकर कई जगह हंगामे हुए। एक घर में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मीट कब्जे में लेते हुए एक आरोपी हिरासत में ले लिया। गुस्साए लोगों ने मीट भैंस का बताकर सिपाही से हाथापाई कर छीन लिया। आरोपी छुड़ाने का भी प्रयास किया। काफी हंगामे के बाद पुलिस मीट का सैंपल और आरोपी थाने लेकर पहुंची तो लोगों ने थाना घेरकर हंगामा किया।
कमेला रोड स्थित आरामशीन वाले पुल के पास अब्दुल सलाम पुत्र इस्लाम रहता है। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि अब्दुल के घर गोकशी की जा रही है। सूचना पर यूपी 100 और लिसाड़ी गेट पुलिस पहुंच गई। पुलिस को घर में मीट ही मिला, जबकि खाल को ठिकाने लगा दिया गया था। पुलिस ने घर से मीट कब्जे में लेकर अब्दुल को जीप में बैठा लिया। जिस पर आसपास की महिलाओं और भीड़ ने सिपाही से हाथापाई कर मीट जबरन छीन लिया।
काफी हंगामे के बाद पुलिस किसी तरह मीट का सैंपल और आरोपी को थाने लेकर पहुंची। थोड़ी देर बाद ही पहुंचे करीब 40-50 लोगों ने थाना लिसाड़ी गेट घेरकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि क्या हम शब-ए-बरआत पर घर में भैंस भी नहीं काट सकते। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद थाने पहुंचे सीओ कोतवाली रणविजय सिंह ने लोगों को शांत किया। बाद में मीट का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया मीट भैंस का बताया।
पुलिस ने पीटा, महिला छत से गिरी
मेरठ। न्यू इस्लामनगर में बुधवार रात पशु कटान की सूचना पर पुलिस एक घर में छत के रास्ते से कूद गई। पुलिस ने मौके से जाने आलम पुत्र निसार और शाहरुख पुत्र महराज हिरासत में ले लिए। घर में दो भैंस और एक गाय बंधी थी। आसपास के लोगों ने हंगामा करते हुए कहा कि महराज दूध का काम करता है। पड़ोस के लोग उसी से दूध खरीदते हैं। आरोप है कि महराज की पत्नी फिरदौस ने अपने बेटे को बेकसूर बताकर पुलिस से छोड़ने की मांग की तो पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान फिरदौस छत से गिरकर घायल हो गई, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की है।
हुमायूं नगर में बोरे में मिला मीट
मेरठ। हुमायूं नगर में बृहस्पतिवार को बाइक पर जा रहे युवक के पास से बोरे में मीट बरामद होने पर हंगामा हो गया। पुलिस ने बाइक सवार युवक हिरासत में ले लिया। बाद में उसके घर भी दबिश दी। पुलिस का कहना है कि मीट गाय का है या भैंस का, इसका जांच के बाद पता चलेगा। मीट का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।