आगरा की आवास विकास कालोनी में कुछ शातिर युवकों ने एक महिला को उसके ऊपर शनि का प्रकोप होने का झांसा दिया। इसके बाद वह दोष दूर करने के नाम पर वे युवक महिला के गहने लेकर चंपत हो गए। मामले में महिला ने थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है।
मामला बीते शनिवार छह मई का बताया जा रहा है। आवास विकास के सेक्टर सात में रहने वाली आशा रानी अग्रवाल शनिवार को अपने घर से पैदल ही सेक्टर आठ की ओर जा रहीं थीं। जब वे सेक्टर 11 में टोरंट पावर के आफिस के पास पहुंची तो उन्हें रास्ते में दो युवक मिले। इनमें से एक युवक ने आशारानी से आवास विकास में बने योगा आश्रम के बारे में पूछा।
शातिर युवकों को जब अहसास हुआ कि महिला धर्मकर्म की बातों में विश्वास करने वाली है तो उन्होंने उससे धार्मिक बात करनी शुरू कर दी। बातों ही बातों में युवकों ने आशा से कहा कि आपके ऊपर तो शनि का प्रकोप है। यह बात सुनकर महिला मन ही मन घबरा गई और उसने युवकों की बातों पर यकीन कर लिया।
इसके बाद युवकों ने आशारानी से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है एक अनुष्ठान से सारी बाधाएं शांत हो जाएंगी। ऐसा कहते कहते वे महिला को अपनी बातों में घुमाते रहे। इस दौरान ही धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उन्होंने महिला से चेन वाले टाप्स और अंगूठी उतरवा ली।
आशारानी के अनुसार युवकों ने उससे सौ रुपये भी ले लिए और इसके बाद दोनों फरार हो गए। जब आशारानी को अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है तो उन्होंने दोनों को तलाश किया लेकिन शातिर युवकों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद आशा ने घर पर आकर परिवारीजनों को सारी बात बताई।