फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: आरोपी की पिटाई कर गांव में घुमाया, पंचायत में नहीं बनी बात, जिद पर अड़ा पीड़ित व्यक्ति

Tue, 23 Apr 2019 08:48 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
आरोपी को ले जाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मकान में चोरी करने घुसे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोपी की जमकर पिटाई की गई और आरोपी को गांव में घुमाया भी गया। आरोपी पड़ोसी गांव का निकला तो मामले को रफा-दफा करने के लिए पंचायत भी हुई, लेकिन पीड़ित व्यक्ति कानूनी कार्रवाई कराने की जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। 

विज्ञापन


मामला सहारनपुर जनपद के बेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोजेवाला का है। मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे इस्लाम के घर में दो लोग चोरी के इरादे से घुस गए। इस्लाम पैठ बाजार में परचून की दुकान लगाता है। सोमवार रात को ही पैठ बाजार से लौटने के बाद उसने परचून के सामान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अपने घर में खड़ी कर दी थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदे सामान को चोरी करने के दौरान आवाज होने से इस्लाम का परिवार जाग गया। उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास जाकर देखा तो दो लोग सामान निकाल रहे थे। दोनों आरोपी इस्लाम को देख भाग निकले। इस पर इस्लाम ने शोर मचा दिया और लोगों ने दोनों आरोपियों का पीछा किया। लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की जमकर पिटाई की। आरोपी ने ट्रॉली से चोरी किए गए दाल, चावल व साबुन के बैग एवं अन्य सामान एक खेत से बरामद करा दिए। आरोप है कि लोगों ने उसे गांव में घुमाया। आरोपी ने अपना नाम अमजद एवं अपने फरार साथी का नाम मुज्जयिम निवासी खिड़का भटकव्वा बताया। पड़ोसी गांव के होने के चलते लोगों ने पकड़े गए आरोपी के परिजनों को सूचना दी। जिस पर आरोपी के परिजन एवं अन्य लोग ग्राम भोजेवाला गांव पहुंचे। मामले को निपटाने को लेकर पंचायत हुई। आरोपी से माफी मंगवाकर मामले को खत्म करने का प्रयास किया गया, लेकिन इस्लाम इस मामले को खत्म करने के लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गांव में पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में इस्लाम ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

समझौता कराने का प्रयास किया गया : प्रधान
ग्राम भोजेवाला के प्रधान राशिद का कहना है कि पकड़े गए आरोपी अमजद के परिजन मामले का निपटारा करना चाहते थे। उन्होंने पंचायत में माफी मांगी, लेकिन पीड़ित इस्लाम ने समझौता करने से मना कर दिया था। जिसके बाद पकड़े गए आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

बेहट कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि पीड़ित इस्लाम की तहरीर पर आरोपी अमजद और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

तीन बार पहले भी हो चुकी है चोरी
ग्राम भोजेवाला निवासी इस्लाम का कहना है कि उसके यहां से पहले भी तीन बार सामान चोरी हो चुका है। उसने इसकी शिकायत सभी से की, लेकिन आरोपी का पता न होने के कारण कोई पकड़ा नहीं गया। अब पकड़ा गया है तो वह समझौता नहीं करेगा। उसका चोरों ने काफी नुकसान किया है। इसकी सजा मिलनी चाहिए।

जुलूस निकालने की जानकारी नहीं 
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र का कहना है कि चोरी के आरोप में युवक पकड़ा गया है। आरोपी की गांव के लोगों ने पिटाई की, लेकिन गांव में घुमाने अथवा जुलूस निकालने की जानकारी नहीं है।

नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें