महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सपा नेता समेत नौ आरोपियों की गिरफ्तार नहीं होने से दुखी पीड़ित महिला और उसके परिजनों ने कलक्ट्रेट गेट पर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। पुलिस से उसकी हाथापाई भी हुई। पुलिस ने माचिस और केरोसिन की बोतल छीनकर हालात पर काबू पाया। पुलिस महिला के देवर को पकड़ कर ले गई। डीएम व एसपी ने पीड़ित को दस दिन में जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित ने कहा यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आत्महत्या करेगी। मामला यूपी के बागपत जनपद का है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से 12 जनवरी को चार लोगों पर महिला के अपहरण का आरोप है। आरोप है कि महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। सुनसान जगह ले जाकर तीन लोगों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित ने सपा नेता डॉ. रियासत अली, नूर मोहम्मद, चांद, सलमान, तसलीम, सलीम, इम्त्याज अली, सलीम अली व एक अज्ञात के खिलाफ धारा 376 डी, 364, 328 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज पीड़ित महिला अपने परिजनों के साथ सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंची। कलक्ट्रेट के गेट पर देवर ने महिला सहित परिवार के सभी लोगों के ऊपर केरोसिन छिड़क लिया और माचिस से आग लगाने की कोशिश की।