भाई की हत्या के मुकदमे की वादी बहन और गवाह को सरेआम बाजार में बाइक सवार नामजद हत्यारोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि सात मार्च को कोर्ट में उनके खिलाफ गवाही देने पहुंचे तो वे गोली मारकर हत्या कर देंगे। धमकी देने के बाद आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए।
शेखपुरा निवासी जहारा खान के भाई बबलू की 27 मई 2016 को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। बबलू का शव मीरापुर क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा की गंगनहर में स्कूटर में बंधा पुलिस ने बरामद किया था। जहारा खान ने अपने भाई की हत्या करने में भूड़ निवासी सलीम और गांव मोहद्दीनपुर निवासी शराफत समेत चार लोगों को नामजद कराया था। नामजद हत्यारोपी शराफत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो अब जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आ गया है।
हत्या के मुकदमे में वादी बहन जहारा खान है और जीजा मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी बदरखान गवाह है। रविवार दोपहर को जहारा खान और बदरखान होली चौक पर गैस एजेंसी के वैंडर से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर नामजद हत्यारोपी सलीम और शराफत इनके पास आकर रुके। आरोप है कि उन्होंने जहारा और बदर खान से कहा कि अगर वे सात मार्च को कोर्ट में गवाही देने गए तो उनकी गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। धमकी देने के बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ितों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपियों को तलाश किया, मगर वे हाथ नहीं लग सके। पीड़िता ने पुलिस को हत्या की धमकी देने की तहरीर दे दी है।