थाना क्षेत्र के निकासी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। देर शाम तक थाने में दोनों पक्षों में सुलह का प्रयास जारी रहा। भीमपुरा थाना क्षेत्र के बरौली निवासी हरीशचंद्र राम की पुत्री बेबी की शादी नगरा थाना क्षेत्र के निकासी गांव निवासी ब्रह्मदेव के पुत्र राजू से चार वर्ष पूर्व हुई थी।
शादी के दो वर्ष बाद राजू का गौना हुआ था। इसके बाद से बेबी ससुराल में रहती थी। रविवार की प्रात: बेबी की हालत खराब हो गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही मायके वाले बेटी के ससुराल निकासी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाने में देर शाम तक सुलह समझौते का प्रयास जारी रहा। इस बाबत क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्रीराम ने बताया कि मैं चुनाव ड्यूटी में हूं। घटना की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है।