बीते सालों में मेरठ शहर में लूट और हत्या की वारदात में बदमाश सिर्फ बाइक का ही प्रयोग कर रहे हैं। इसके पीछे उनका मकसद आसानी से फरार होना है। इसके बाद भी पुलिस चेक पोस्ट पर बाइक सवारों की सघन जांच नहीं करती है। बदमाश पुलिस की इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बड़ी-बड़ी वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
जागृति विहार में ज्वैलरी शॉप में लूट, उसी दौरान व्यापारी अमन जैन की गोली मारकर हत्या और फिर आसानी से फरार हो जाना... बदमाशों की ये करतूत पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। इससे पहले शास्त्री नगर में ज्वैलरी शॉप में डकैती, टीपीनगर में पंजाब नेशनल बैंक में लूट, नवीन मंडी में आढ़ती की हत्या समेत शहर में तमाम डकैती, लूट व हत्या की वारदात में बदमाश ने सिर्फ बाइक का ही प्रयोग किया। कभी भी बदमाश कार से वारदात करने नहीं आए। इसके बावजूद सड़कों पर पुलिस बाइकर्स की गंभीरता से जांच नहीं करती है। इसे लेकर पुलिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
गलियों से भागते हैं बदमाश
हत्या, लूट या डकैती की वारदात करने के बाद बदमाश गलियों से भागते हैं। इस दौरान बाइक उनके लिए मुफीद साबित होती है। बाइक से भागने के दौरान बदमाश सीसीटीवी में आसानी से कैद हो जाते हैं। इसके बावजूद पुलिस उनको पकड़ने में कई कई हफ्ते लगा देती है। बाइकर्स पर पुलिस की ढीली कार्रवाई भी अपराध को बढ़ावा दे रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस का सक्रिय न होना भी अपराधियों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है।
यह भी पढ़ें: मेरठ और बागपत में जहरीली शराब का कहर... 24 घंटे में तीन की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बदमाशों ने बाइक से ही अंजाम दीं ये घटनाएं
2017 : सदर बाजार क्षेत्र में आढ़ती से पांच लाख लूट के दौरान हत्या, बाइक से भागे।
2017 : ब्रह्मपुरी में लूट के विरोध में व्यापारी के बेटे की हत्या, बाइक से भागे।
2017 : नवीन दालमंडी में पवन गुप्ता की हत्या कर बदमाश हसीन मोटा भागा था।
2018 : सिटी स्टेशन के पास लूट के विरोध में व्यापारी की हत्या, बाइक से भागे।
2019 : अगस्त में दिल्ली रोड स्थित पीएनबी बैंक में दिनदहाड़े लूट कर दो बाइक से भागे चार बदमाश।
2019 : दिसंबर में शास्त्रीनगर में ज्वैलरी शॉप में डकैती कर दो बाइक से भागे थे चार बदमाश।
2019 : दिसंबर में मेडिकल क्षेत्र में लूट के दौरान गाजियाबाद के व्यापारी की हत्या कर बाइक से भागे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/