देहरादून में नौकरी करते हुए मुजफ्फरनगर के युवक ने सहकर्मी युवती को शादी का झांसा देकर लगातार तीन साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए रखे। अब आरोपी किसी अन्य युवती से शादी की तैयारी कर रहा है, जिसकी भनक लगने पर पीड़िता ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से लखीमपुर खीरी जनपद निवासी युवती करीब चार साल से देहरादून में एक निजी कंपनी में जॉब करती है। उसी कंपनी में शहर क्षेत्र के गांव निवासी आरोपी भी काम करता था। उक्त युवती ने एसएसपी अभिषेक यादव को शिकायती पत्र देकर बताया कि देहरादून में रहते हुए आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद आरोपी लगातार तीन साल तक शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि दो दिन पूर्व आरोपी देहरादून से बिना उसे बताए घर चला आया और उससे बात करनी बंद कर दी। युवती ने जांच की तो पता चला कि आरोपी शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है।