नवाबगढ़ी में रोककर छात्रों को पीटा, विरोध करने पर ग्रामीणों पर किया हमला
एक पक्ष से सात तथा दूसरे से तीन घायल, दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले नवाबगढ़ी एवं भामौरी के छात्रों में तीन दिन पूर्व हुई कहासुनी हो गई थी। इसको लेकर विवाद इतना बढ़ा कि सोमवार को उनमें संघर्ष हो गया। जिसमें एक पक्ष से सात तो दूसरे पक्ष से भी कई घायल हो गए। इसकी जानकारी पाकर विधायक के पीए, संगीत सोम सेना के प्रदेशाध्यक्ष के साथ ठाकुर चौबीसी के कई गांवों से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों में सवार होकर घायलों को देखने सीएचसी पहुंचे। चिकित्सकों ने भामौरी के दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने नवाबगढ़ी में झगड़ा करने वालों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके। फिलहाल घटना को लेकर सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है।
भामौरी गांव निवासी सेवाराम के दो पुत्र संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। बड़ा बेटा अभिषेक कक्षा 11 एवं दूसरा कृष्ण कक्षा छह का छात्र है। सेवाराम ने बताया कि उसके बडे़ बेटे अभिषेक के साथ तीन दिन पूर्व स्कूल के बाहर कुछ युवकों ने मारपीट कर दी थी। इसके बाद से वह स्कूल नहीं आ रहा था। कृष्ण को सोमवार को छात्रों ने बताया कि कुछ स्कूली बच्चे एवं युवक उसकी पिटाई करने का प्लान बना रहे हैं। किसी ने इसकी जानकारी भामौरी निवासी ग्रामीण शिवकुमार के फोन पर दी। इसके बाद एक शिक्षक ने भी फोन करके कृष्ण को स्कूल से अपने साथ ले जाने की सलाह दी। जिससे कोई अप्रिय घटना न हो सके। इस पर शिवकुमार ने कृष्ण को स्कूल से लाने के लिए अपने बडे़ बेटे विशाल को बाइक पर भेजा। विशाल स्कूल से कृष्ण को बाइक पर लेकर गांव जा रहा था। इसी दौरान नवाबगढ़ी में कुछ युवकों ने रोककर दोनों से मारपीट कर दी। विशाल ने फोन पर इसकी जानकारी परिजनों को दी। वे कार एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर सरधना के लिए चल दिए। आरोप है कि वे नवाबगढ़ी पहुंचे तो पंद्रह-बीस लोगों ने उन पर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। यहां उनमें संघर्ष हो गया। जिसमें भामौरी निवासी सेवाराम, फूल सिंह, आशीष, राकेश, कृष्ण व विशाल घायल हो गए। नवाबगढ़ी में संघर्ष की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भिजवाया। उधर, संघर्ष की जानकारी पाकर विधायक संगीत सोम के पीए शेखर सोम, संगीत सोम सेना के प्रदेशाध्यक्ष सचिन खटीक, भाजपा नेता राहुल चौहान टेहरकी, लोकेश कुशावली एवं प्रदीप भामौरी समेत सैकड़ों की संख्या में ठाकुर चौबीसी के लोग सीएचसी एवं कोतवाली जा पहुंचे। सीएचसी से राकेश व फूलसिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दूसरी तरफ नवाबगढ़ी निवासी अनीश, रहमान कबाड़ी व कामिल को भी चोट लगना बताया। इस बाबत थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिल सकी है। उसके आधार पर ही जांच करके कार्रवाई की जाएगी। स्कूली बच्चों के विवाद के चलते यह घटना हुई है। सांप्रदायिक तनाव जैसी कोई बात नहीं है। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है।
वर्जन
नवाबगढ़ी में हुए संघर्ष की जांच कराई जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठौर कार्रवाई कराई जाएगी।-धर्मेंद्र सिंह राठौर, थानाध्यक्ष सरधना
नवाबगढ़ी में भामौरी के कई लोगों को रोककर पीटा गया। जिनमें दो की हालत गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। पुलिस वारदात को अंजाम देने वालों से सख्ती से निपटना चाहिए। जिससे दोबारा इस तरह की घटना न हो।-शेखर सोम, पीए विधायक संगीत सोम
स्कूली बच्चों के बीच हुई कहासुनी के चलते ही नवाबगढ़ी में संघर्ष हो सकता है। फिलहाल स्कूल के प्रधानाचार्य एक सप्ताह से बाहर गए हुए हैं। स्कूल के अंदर कोई घटना नहीं हुई है। -एरोन शिक्षक, संत चार्ल्स इंटर कॉलेज