फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खिर्वा बवाल में नौ गिरफ्तार, बंद रहे बाजार

Sat, 22 Aug 2015 02:20 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
खिर्वा जलालपुर में पंचायत चुनाव की रंजिश में शिया-सुन्नी पक्षों में टकराव के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। गांव में तनाव के चलते स्कूल और बाजार बंद रहे। एसएसपी ने गांव पहुंचकर फ्लैग मार्च किया और लोगोें को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। गांव मेें अर्द्धसैनिक बल अभी भी तैनात है।
विज्ञापन

सरधना थानाक्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव में शिया पक्ष से शाह अब्बास जैदी और सुन्नी पक्ष से इरफान ने ग्राम प्रधान के चुनाव के लिए दावेदारी प्रस्तुत की है। इसे लेकर दोनों पक्षों में बृहस्पतिवार को पथराव, आगजनी और अंधाधुंध फायरिंग हुई। इसमें शिया पक्ष के रईस उर्फ मुन्नू की मौत हो गई। इस प्रकरण में शुक्रवार को पुलिस ने इकबाल, नसीर, शहजाद, अमजद, मूसा, अरसद, शाहिद, जहूर को गिरफ्तार किया। जबकि, रईस की हत्या के आरोपी मुज्जम्मिल पुत्र अमीर अहमद को भी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया।
दोनों पक्षों में टकराव के बाद तनाव की स्थिति है। इसके चलते शुक्रवार को स्कूल और बाजार बंद रहे। गांव में पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल भी तैनात है। दोपहर को एसएसपी डीसी दूबे ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली और फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। एसएसपी ने दोनों पक्ष से बातचीत कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। लोगों ने एक-दूसरे पक्ष पर टकराव के बाद घरों में लूटपाट का आरोप भी लगाया। पुलिस ने इस मामले में जांच करने की बात कही है।
विज्ञापन

अब्बास जैदी को गनर मिला
शिया पक्ष के शाह अब्बास जैदी को एसएसपी दिनेश चंद दूबे ने सुरक्षा की दृष्टि से गनर उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने सीओ सरधना ब्रजेश सिंह को फोन कर पुलिस लाइन से तत्काल गनर की व्यवस्था कराने का आदेश दिया। सीओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि गनर शनिवार सुबह तक पहुंच जाएगा।
स्कूल खुले पर बच्चे नहीं पहुंचे
खिर्वा जलालपुर में बवाल के बाद शुक्रवार बच्चे घरों में कैद रहे। गांव में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। प्राइमरी स्कूल खुला और शिक्षक-शिक्षिकाएं समय पर पहुंचीं, लेकिन बच्चे नहीं आए। बच्चों की सुरक्षा के चलते निजी स्कूलों पर ताले लटके रहे। गांव में दिनभर पुलिस अधिकारियों की आवाजाही बनी रही। उधर, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें