रेस्टोरेंट पर हमला, परिवार को पीटा
गंगानगर। डिवाइडर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर दो कार सवार दर्जनभर युवकों ने शुक्रवार रात हमला बोल दिया। इस दौरान उन्होंने महिला और उसके परिवार को बुरी तरह पीटा। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सकौती निवासी सुरेंद्र गोस्वामी पुत्र गंगाप्रसाद अपने परिवार के साथ एन ब्लॉक में रहते हैं। वहां उनका रेस्टोरेंट भी है, जहां उनके दो बेटे मोहित व रोहित भी काम करते हैं। रोहित के मुताबिक शुक्रवार रात कार सवार तीन युवक रेस्टोरेंट के बाहर शराब पी रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो वे धमकी देकर चले गए। करीब आधा घंटे बाद दो कारों में भरकर दर्जनभर युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे और सुरेंद्र उसकी पत्नी सुमन, बेटे रोहित व वहीं काम करने वाले संदीप पर हमला बोल दिया। साथ ही रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां महिला व उसके पति को आईसीयू में रखा गया है। एसओ गंगानगर दिनेशचंद के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।