दस रुपये के विवाद में मारपीट, बच्चे पर उबलता पानी गिरा
मेरठ। चाऊमीन के दस रुपये के विवाद में रविवार दोपहर को ग्राहक और ठेला लगाने वाले में मारपीट हो गई। इस बीच दोनों ने एक दूसरे पर गर्म पानी डालने के लिए ठेले पर रखा बर्तन उठा लिया। इस दौरान चाऊमीन लेने पहुंचे दस साल के बच्चे पर गर्म पानी का गिर गया, जिसके वह झुलस गया।
लिसाड़ीगेट के फतेहउल्लापुर निवासी कादिर समर गार्डन चौपले के पास चाऊमीन का ठेला लगाता है। रविवार को वहीं का रहने वाला आदिल वहां पहुंचा और दस रुपये की चाऊमीन ली। पैसे नहीं देने पर दोनों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इस दौरान मोबीननगर निवासी दस साल का बच्चा अन्नु पुत्र जुल्फकार भी चाऊमीन लेने गया था। जैसे ही ठेले वाले ने गर्म पानी ग्राहक पर डालने के लिए पानी से भरा बर्तन उठाया तो ग्राहक उससे भिड़ गया। इस बीच गर्म पानी वहां खड़े बच्चे के ऊपर गिर गया। वहीं बच्चे के परिजनों ने ठेले वाले पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।