गल्ला पर शिकंजा, कुर्की की अनुमति मांगी
मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में हुए अजय हत्याकांड में आरोपी हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला पर पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में अर्जी लगा दी है।
इस चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने अब तक हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला, उसके बेटे के अलावा तीन पुलिस कर्मियों के बेटों सहित 10 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें से छह पकडेे़ जा चुके हैं। लेकिन हाजी गल्ला इमरान, मोहित और अनु सहित चार आरोपी पकड़ से दूर हैं। पुलिस का मानना है कि इस पूरी घटना का सूत्रधार हाजी गल्ला ही है। उसी ने साजिश रची। लिहाजा पुलिस हर हाल में उसकी गिरफ्तारी चाहती है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल ने कई थानों की पुलिस के साथ हाजी गल्ला के आवास पर दबिश दी। लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ ने बताया कि हाजी गल्ला के खिलाफ कोर्ट से कुर्की की अनुमति मांगी गई है। उधर ये भी चर्चा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते गल्ला कोर्ट में सरेंडर के प्रयास में लगा है। संभवत: वह दूसरे जिले में भी सरेंडर कर सकता है।
खास बातें:
पटेल नगर में अजय हत्याकांड का मामला