- कबाड़ियों ने दिल्ली पुलिस को घेरा
- सदर पुलिस ने कबाड़ियों को खदेड़ा, दुकानों के शटर गिरे
फोटो
मेरठ। सोतीगंज में दबिश देने पहुंची दिल्ली पुलिस पर कबाड़ियों ने हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इस दौरान कबाड़ियों ने अपने एक साथी को भी छुड़ा लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने कबाड़ियों को खदेड़कर दिल्ली पुलिस को बंधन मुक्त कराया। पुलिस फोर्स के पहुंचते ही कई कबाड़ियों की दुकानों के शूटर गिर गए। पुलिस फरार कबाड़ी की तलाश में जुटी रही।
दिल्ली पुलिस शुक्रवार दोपहर को लूट, चोरी के वाहन काटने वाले माफिया दिलशाद की तलाश में सोतीगंज पहुंची थी। दिलशाद ने एक चोरी की कार खरीदी थी। उसी को बरामद करने के लिए दिल्ली पुलिस ने सोतीगंज में दबिश देते हुए दिलशाद को घेरकर पकड़ लिया, इससे पहले पुलिस उसको लेकर रवाना होती कि कबाड़ियों की भीड़ लग गई। कबाड़ियों ने दिल्ली पुलिस को घेर लिया और दिलशाद को छुड़ा लिया।
जानकारी लगते ही एसओ सदर बाजार पुलिस फोर्स लेकर सोतीगंज में पहुंचे। पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा, लेकिन तब तक दिलशाद फरार हो चुका था। जिसके बाद बाद दिल्ली पुलिस को वापस खाली हाथ लौटना पड़ा। एसओ सदर बाजार विजय कुमार गुप्ता का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने सदर थाने में आमद दर्जन कराई थी। पुलिस ने गुपचुप दबिश दी। मारपीट की सूचना पर पुलिस सोतीगंज पहुंची। फरार दिलशाद को जल्द गिरफ्तार करेंगे।
सिपाही ने कराया ड्रामा
दिल्ली पुलिस सोतीगंज में दबिश देने के लिए देहलीगेट थाने के एक सिपाही को साथ लेकर आई थी। सिपाही पहले सदर बाजार में तैनात था, उसने दिल्ली पुलिस को कबाड़ी को पकड़ने का भरोसा दिलाया, लेकिन पुलिस पर हमला होते सिपाही उनको कबाड़ियों के बीच में छोड़कर भाग गया। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने सिपाही के खिलाफ जांच बैठा दी है।