सरधना। कालंद गांव से शुक्रवार देर सायं गांव लौट रहे खतौली निवासी डेयरी के फील्ड ऑफिसर से बदमाशों ने बाइक व नकदी लूट ली। इसके बाद फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
खतौली निवासी गजेंद्र पुत्र जगमाल रिठाली स्थित एक डेयरी में फील्ड ऑफिसर है। वह शुक्रवार को कालंद गांव में किसी काम से गया था। शाम को बाइक पर सवार होकर लौट रहा था। वह खेड़ा गांव के निकट पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। उन्होंने हथियारों के बल पर उससे करीब सात हजार रुपये व बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाश उसे आतंकित करते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को लूट की सूचना दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कार्यक्रम
सरधना। गंज बाजार स्थित केके पब्लिक स्कूल में शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. महेश सोम व प्रबंधक सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बच्चों ने नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही गंदगी से होने वाली बीमारी व परेशानी के बारे में बताया। कार्यक्रम में लोक संपर्क अधिकारी राकेश रेगमी से बच्चों ने स्वच्छता अभियान से संबंधी सवाल भी किए।