मेरठ। यह मामला बड़ा अजीबोगरीब है। एक इंजीनियर से सोशल साइट के जरिये लड़की बनकर दोस्ती की। पैसा लिया और फिर वापस भी कर दिया। जिसके बाद दोनों में विश्वास और ज्यादा बढ़ गया। करीब दो साल तक दोनों में बातचीत चलती रही। पोल खुली तो इंजीनियर के होश उड़ गए। यह लड़की नहीं, बल्कि गुजरात का एक युवक था। शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला सिविल लाइन थानाक्षेत्र का है। इंजीनियर के मोबाइल पर एक कॉल आई। आवाज लड़की जैसी थी। इंजीनियर से उसकी बातचीत हुई तो दोनों प्यार करने लगे। फिल्म ‘सिर्फ तुम’ की तरह दोनों सोशल साइट पर बातचीत करते रहे। शादी तक की बातचीत हो गई। लड़की बताने वाले युवक ने खुद को एक कंपनी में मैनेजर बताया था। उक्त युवक मेरठ आकर इंजीनियर से दो बार मिलकर भी चला गया।
शक न हो जाए इसलिए इस दौरान अपना फोन बंद रखा था। लड़की बने युवक ने कई बार इंजीनियर से उधार पैसे अपने अकाउंट में डलवाए और वापस कर दिया। जिसे इंजीनियर को शक ही नहीं हुआ कि उसके साथ क्या हो रहा है। लड़की बने युवक के पास इंजीनियर की सारी जानकारी थी। दो साल तक यह सिलसिला चला। इंजीनियर के अकाउंट से पैसा गायब होने लगा तो सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया।
पुलिस ने पैसा निकालने वाले को सूरत (गुजरात) से पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में युवक ने इंजीनियर के साथ दो साल से चली रही बातचीत के बारे में बताया। यह सुनकर इंजीनियर के होश उड़ गए। इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक ने बताया कि समझ नहीं आ रहा कि आखिर इस युवक पर किस आरोप में कार्रवाई की जाए। साइबर सेल से भी इसकी जानकारी ली गई। देर रात तक पुलिस मंथन करती रही।
खास बातें:
- आरोपी युवक पकड़ा, पुलिस जांच में उलझी
- सूरत गुजरात का युवक, इंजीनियर के होश उड़े