लाखों की बैट्रियां ले उडे़ चोर, चार दबोचे
मेरठ। बागपत रोड स्थित टाटा टेली सर्विस वेयर हाउस में बुधवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। वे लाखों की बैट्री और अन्य सामान गाड़ी में भरकर फरार हो गए। आवाज सुनकर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने फायरिंग भी की। बाद में पहुंची पुलिस ने वेयर हाउस में छिपे चार चोरों को दबोच लिया और 37 बैटरियां बरामद कर ली। जबकि बाकी माल लेकर फरार हुए दो चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
टीपी नगर थानाक्षेत्र के बागपत रोड स्थित हीरालाल कंपाउंड में टाटा कंपनी का वेयर हाउस है। यहां टावर से उतरी बैट्रियां, मॉडम, मोबाइल आदि सामान रखा जाता है। यहां के स्टाफ के अनुसार बुधवार रात करीब ढाई बजे वेयर हाउस के अंदर कुछ लोग नजर आए। उन्होंने सिक्योरिटी इंचार्ज कंकरखेड़ा निवासी धर्मेंद्र कुमार को इसकी सूचना दी। सिक्योरिटी ऑफिसर ने 100 नंबर पर कॉल की और खुद वेयर हाउस पहुंच गए।
सिक्योरिटी ऑफिसर के अनुसार जब वे पहुंचे तो चोर एक वाहन में माल भरकर भाग रहे थे। उन्होंने फायरिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वे भाग गए। इसी बीच टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कांबिंग की तो गोदाम के पीछे से 37 बैट्रियां बरामद र्हुइं। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने गोदाम खोलकर चेक किया तो गोदाम का बड़ा जंगला उखड़ा हुआ था। तलाशी लेने पर गोदाम के अंदर से चार चोर छिपे हुए मिले, जिन्हें दबोच लिया। उनके कब्जे से एक पिस्टल देशी, दो कारतूस और तीन चाकू बरामद हुए हैं।
बाकी सामान समेटने की फिराक में थे
स्टाफ ने बताया कि चोर करीब 200 बैट्रियां, मॉडम, मोबाइल आदि सामान ले गए। बाकी का सामान भी चोर ले जाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले वे पकड़े गए। स्टाफ ने बताया कि एक बैट्री की कीमत 10 हजार से अधिक है। ऐसे में ये चोरी 20 लाख से ज्यादा की है। वहीं स्टाफ ने बताया कि गोदाम के अंदर छिपे एक चोर ने पिस्टल से उन पर भी फायर किया, लेकिन वो मिस हो गया। उस वक्त पुलिस भी पहुुंच चुकी थी।
मौके से पकडे़ गए चोर
चौकी प्रभारी मलियाना सर्वेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए चोर सोनू पुत्र राजबीर निवासी नई बस्ती टीपी नगर, मोंटी पुत्र मुनेश निवासी रिठानी, पप्पू पुत्र रतन सिंह निवासी भोपला रोड परतापुर, दिनेश पुत्र किशनलाल निवासी रिठानी परतापुर हैं। फरार चोरों की तलाश की जा रही है। मोंटी करीब 4-5 साल पहले परतापुर में एक दुकानदार की हत्या के मामले में जेल गया था। वो एक केमिकल फैक्ट्री में काम करता था। उधर, घटना के बाद पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि ये गोदाम ऑन रोड पर है।