मेरठ। जिला जेल से सोमवार सुबह बैंक लूट और गैंगेस्टर का मुल्जिम फरार हो गया। बंदी रक्षक इस मुल्जिम को खेत पर काम कराने ले गए थे। पुलिस ने फरार शातिर बंदी के पिता और पत्नी को हिरासत में लिया है। वहीं, लापरवाही बरतने पर आठ बंदी रक्षकों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार भावनपुर क्षेत्र के अब्दुल्लापुर जागीर मोहल्ला निवासी संदीप कुमार पुत्र रज्जु उर्फ राजबीर सिंह को मवाना थाना पुलिस ने पांच माह पूर्व गैंगेस्टर एक्ट में जेल भेजा था। शातिर लुटेरा संदीप करीब पांच साल पहले हस्तिनापुर में बैंक लूटने के अलावा लूट की कई वारदातें अंजाम दे चुका है। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे रोजाना की तरह संदीप को जेल के अन्य बंदियों संजीव निवासी नारंगपुर परीक्षितगढ़, जगवीर निवासी आलमगीरपुर बढ़ला, धर्मेंद्र निवासी मीवा मवाना व भूरे खां निवासी सौंदत परीक्षितगढ़ के साथ जेल में स्थित कृषि फार्म पर काम कराने ले जाया गया था। इन बंदियों की निगरानी में ठाकुर सिंह (जेल हेड वार्डर), राजवीर सिंह, श्रीकिशन और बनवारी लाल (सभी जेल वार्डर) और तीन होमगार्ड तैनात थे।
खेत पर काम करने के दौरान संदीप इन बंदी रक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया। करीब आधे घंटे बाद संदीप के फरार होने की जानकारी बंदी रक्षकों का मिली। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की सूचना पर जिले में वायरलेस से बंदी की फरारी की सूचना फ्लैश हुई तो हड़कंप मच गया। उसकी अब्दुलापुर, भावनपुर आदि जगह तलाश की गई। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने संदीप के पिता रज्जू और पत्नी मनीषा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जेल प्रशासन ने सभी आठ बंदी रक्षकों के खिलाफ मेडिकल थाने में केस दर्ज कराया है। सीओ सिविल लाइन चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि फरार बंदी की तलाश जारी है।
खास बात
- सोमवार सुबह जेल के फार्म में बंदियों के साथ करने गया था काम
- जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल, आठ बंदी रक्षकों पर केस दर्ज