मेरठ। पुलिस लाइन में क्वार्टर आवंटित करने के नाम पैसे मांगने के आरोप में एसएसपी ने एएसपी कैंट के पेशकार बुद्ध प्रकाश को सस्पेंड कर गैर जनपद के लिए रवानगी का आदेश जारी कर दिया।
एक महिला सिपाही ने शनिवार दोपहर एसएसपी से शिकायत में आरोप लगाया कि पुलिस लाइन में सरकारी आवास आवंटन करने के नाम पर पेशकार उससे बीस हजार रुपये मांग रहा है। पैसे नहीं देने पर उसने आवंटन से इंकार कर दिया। इस पर एसएसपी ने पेशकार को तलब कर लिया। पूछा कि किसने आदेश दे दिया कि पैसे लेकर मकान मिलेगा। तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई पैसे मांगने की। एसएसपी ने पुलिस लाइन के प्रभारी एएसपी कैंट अंकित मित्तल से भी जानकारी ली। आरआई को भी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी।
एसएसपी ने बैठाई जांच
एसएसपी को पेशकार द्वारा आवास आवंटन पर पैसे मांगने की शिकायतें मिल रही थीं। जिन पुलिसकर्मियों के नाम आवंटन नहीं हुए, उनके बकाया रुपये भी वापस नहीं किए। इस मामले में कई अन्य पुलिसकर्मी भी संदेह के घेरे में हैं। एसएसपी ने इस खेल की जांच बैठा दी है। एसएसपी को पता चला कि चार माह पहले आरोपी पेशकार का दूसरे जिले में ट्रांसफर हो गया था। उसके बाद भी वह मेरठ में जमा रहा।
- पुलिस लाइन में क्वार्टर आवंटन के नाम पर 15-20 हजार रुपये मांगने का आरोप