भावनपुर में खेत में गोकशी, आरोपी मांस लेकर फरार
मेरठ। गोकशी के लिए बदनाम हो चुके भावनपुर क्षेत्र में शनिवार शाम फिर गोकशी होती पकड़ी गई। लडपुरा- मैदपुर मार्ग पर ईख के खेत में पहुंचे ग्रामीणों ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से गोमांस लेकर फरार हो गए। मौके पर पशुओं के अवशेष और खाल पड़ी मिलीं। थानाध्यक्ष ने मांस और अवशेषों को बेकार बताकर ग्रामीणों की मदद से जमीन में दबवा दिया।
थाना भावनपुर क्षेत्र में लडपुरा-मैदपुर मार्ग पर स्थित भावनपुर गांव के ही जंगल में आरोपी बेखौफ होकर गोवंश पशु काट रहे थे। इस दौरान खेत का मालिक सुमित, नौकर मांगे और अन्य ग्रामीण खेतों पर पानी चलाने पहुंचे तो गोकशी करने के आरोपी मौके से गोमांस लेकर भागने लगे। ग्रामीण जब खेत पर पहुंचे तो वहां भारी मात्रा में अवशेष और गाय की खाल के टुकड़े पडे़ हुए थे।
ईख के खेत में मांस और गाय की खाल के कुछ अवशेष मिलने की जानकारी मिलते ही हिंदू युवा वाहिनी से मनोज अधाना, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरवीर पाल, अरविंद, गपली, प्रधान पुत्र गुड्डू और वीरेंद्र आदि के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। थानाध्यक्ष भावनपुर करतार ने बताया कि मात्र पांच या छह किलो के करीब बेकार मांस मिला था, जिसे दबवा दिया गया है।
सुबह ही हुई थी मुठभेड़
भावनपुर क्षेत्र में जई और आसपास के कई गांव गोकशी के लिए बदनाम हो चुके हैं। लेकिन पुलिस-प्रशासन इस पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। शनिवार सुबह ही पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोकशी के आरोपी गोमांस के साथ पकड़े गए। जो भावनपुर इलाके से कटान कर शहर में लाया जा रहा था। जबकि शाम को फिर भावनपुर इलाके में ही गोकशी होती पकड़ी गयी। उस पर भी थानाध्यक्ष ने इस गंभीर मामले को मामूली बताकर पल्ला झाड़ लिया।