कंकरखेड़ा (ब्यूरो)। पांच दिन पहले गांव पावलीखास से अपहृत हुई किशोरी को पुलिस ने तलाश कर परिजनों के सुपुर्द किया है। वहीं बच्ची को बहला-फुसलाकर अपहृत करने वाले युवक को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव पावली खास से पांच दिन पूर्व 14 वर्षीय किशोरी का अपहरण हो गया था। परिजनों ने अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को दबोचकर किशोरी को मुक्त कराया। पुलिस ने बताया कि बिनौली बागपत निवासी इमरान ने किशोरी का बहला-फुसलाकर अपहरण किया था। इमरान शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। वह किशोरी की रिश्तेदारी में है। उसका किशोरी के घर भी आना जाना था। आरोपी उसे लेकर हरियाणा तक पहुंच गया था। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने हरियाणा में दबिश दी, लेकिन वह भाग निकला। हरियाणा से वह कंकरखेड़ा पहुंचा। यहां दायमपुर गांव में किशोरी को लेकर एक मकान में रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी के 161 और 164 के बयान दर्ज कराए हैं। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
खास बातें==
पांच दिन पहले पावलीखास गांव से बहला-फुसलाकर ले गया था युवक