मेरठ। कांवड़ यात्रा में आतंकी इनपुट मिलना और नोएडा से दो संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। महानगर में अलग-अलग तीन जगहों पर तीन बांग्लादेशियों का रहना सामने आया। एलआईयू व पुलिस ने तीनों बांग्लादेशियों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने बताया कि तीनों बांग्लादेशियों पर मुकदमा पंजीकृत है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट के फैसला आने पर ही तय होगा कि उनको बांग्लादेश भेजा जाए या नहीं।
नोएडा में संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकी रूबैल अहमद और मुसर्रफ हुसैन को गिरफ्तार किया गया। वेस्ट यूपी में कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी तेज कर दी। बुधवार को मेरठ पुलिस ने जांच पड़ताल की। जिसमें एक बांग्लादेशी अबुल कासिम लालकुर्ती में, सपना रानी हस्तिनापुर में और अबू हेना फलावदा में रह रहे है। जानकारी लगने पर एलआईयू की टीम तीनों बांग्लादेशियों के पास पहुंची।
तीनों बांग्लादेशियों से पूछताछ के बाद उनकी निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस के मुताबिक इन तीनों पर पासपोर्ट व विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। आगे की कार्रवाई कोर्ट का निर्णय आने पर की जाएगी। पुलिस ने बताया है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए उनकी हर गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
सात आतंकी देश में घुसे
सुरक्षा एजेंसियों की गोपनीय रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान से सात आतंकी भारत में घुसे हैं। दिल्ली-एनसीआर के जनपदों में भी अलग-अलग जगह आतंकी छुपे हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की तलाश में जुटी है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को चिट्ठी भेजी गई, ताकि वह अलर्ट रहें। रेलवे स्टेशन व होटलों में चेकिंग कराएं। त्यौहारों और धार्मिक आस्था से जुड़ी हर एक्टिविटी पर पुलिस नजर रखे।
कांवड़ यात्रा में कड़ी चौकसी
कांवड़ यात्रा पर बांग्लादेशी आतंकी वारदात कर सकते हैं। इसको देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि अपने अपने जनपद में बांग्लादेशियों की सूची बनाएं। बांग्लादेशियों पर नजर भी रखें, ताकि उनकी हर गतिविधियों का पता चल सके।
गृह मंत्रालय को चिट्ठी भेजी
मेरठ में तीन बांग्लादेशी हैं। संबंधित थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वह बांग्लादेशियों पर नजर रखे। तीनों बांग्लादेशियों की गृह मंत्रालय को चिट्ठी भेज दी है। -राजेश कुमार पांडेय, एसएसपी
खास बातें:
- तीनों बांग्लादेशियों पर अलग-अलग थानों में हैं मुकदमे दर्ज
- नोएडा से दो बांग्लादेशी आतंकियों के पकड़े जाने के बाद बढ़ी सतर्कता