कंकरखेड़ा। एक किशोरी से पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक युवती को छेड़छाड़ का विरोध करने पर तेजाब डालने की धमकी दे दी गई।
बृहस्पतिवार को किशोरी को थाने लेकर पहुंचे परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले विकास के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि बुधवार रात उनकी पुत्री घर पर अकेली थी तो आरोपी ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी किशोरी को पीटकर भाग निकला। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं क्षेत्र निवासी एक युवती ने थाने पहुंचकर बताया कि बाजार जाते समय मोहल्ले के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया तो युवक धमकी दी कि यदि पुलिस से शिकायत की तो उसके मुंह पर तेजाब छिड़ककर जला देगा। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।