मुंडाली क्षेत्र का मामला, दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने किया युवती को अगवा
युवती को सड़क पर फेंककर फरार हुए युवक, मुख्य आरोपी तालिब गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
माछरा/मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र के एक गांव से शनिवार को युवती को अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया। देर रात आरोपी युवक युवती को बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गए। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। मुख्य आरोपी तालिब निवासी जिसोरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शनिवार शाम को यह युवती घर से निकली थी। आरोप है कि जसोरा निवासी तीन युवकों ने युवती को अगवा कर ईख के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर युवती को गोली मारने की धमकी दी। कहा कि यदि घर जाकर बताया या पुलिस से शिकायत की तो वह फिर से अपहरण कर चेहरे पर तेजाब डाल देंगे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवती को गांव के बाहर सड़क पर फेंककर बाइक से फरार हो गए।
राहगीरों ने घायल युवती को सड़क पर देखा तो गांव में इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवती ने होश में आने पर आपबीती सुनाई। कंट्रोल रूम की सूचना पर सीओ किठौर चक्रपाणि त्रिपाठी और मुंडाली एसओ मौके पर पहुंचे। महिला पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए, जिसमें पीड़िता ने तीन युवकों पर अगवा कर गैंगरेप करने का आरोप लगाया। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जसोरा निवासी तालिब, सनी और साकिब के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप की धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है। सनी और साकिब की तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में तनाव की स्थिति
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। युवती के परिजनों ने भाजपा के एक नेता को भी मामले की जानकारी दी। जिसके बाद भाजपा नेता ने एसओ मुंडाली रितेश कुमार को कड़ी कार्रवाई के लिए कहा। पुलिस अफसरों ने भी आश्वासन दिया कि आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।