एक्सप्रेस-वे पर फर्जी परिवहन अधिकारी ने की उगाही, रिपोर्ट
ह्यह्यमुरादनगर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर रेवड़ा-रेवड़ी गांव के पास चेकिंग के नाम पर ट्रकों से अवैध उगाही करने का मामला सामने आया है। परिवहन बनकर उगाही करने वाले तीन युवकों के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दो दिन से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर रेवड़ा-रेवड़ी गांव के पास तीन युवक परिवहन विभाग के अधिकारी बनकर माल वाहक ट्रकों को रोककर अवैध उगाही कर रहे हैं। ट्रक चालकों ने अवैध उगाही का विरोध किया तो उन्होंने मारपीट की। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अवैध उगाही कर रहे तीन युवकों को पकड़कर पीटा। मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी लोगों को चकमा देकर भाग गए। एसओ लक्षेंद्र कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ईद से एक दिन पहले का है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर उगाही करने वालों के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।