मेरठ।
गाजियाबाद पुलिस के खिलाफ मंगलवार को लोगों ने एडीजी ऑफिस में हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस ने एक युवक से साठगांठ कर सुंदर प्रजापति का फर्जी एनकाउंटर कर दिया।
प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश प्रजापति के नेतृत्व में रतिदेवी प्रजापति निवासी भोलापुरी टावर वाली गली पिलखुआ हापुड़ मंगलवार को एडीजी मेरठ जोन ऑफिस पहुंची। रतिदेवी ने बताया कि उसके बेटे सुंदर प्रजापति को विजयनगर गाजियाबाद पुलिस ने एनकाउंटर में मार दिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने पवन नाम के व्यक्ति से साठगांठ कर सुंदर को मोदीनगर से उठाया और फिर उसकी हत्या की है।
पुलिस ने पवन के कहने पर सुंदर पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए। इस मामले की सुंदर के परिजनों ने सीबीआई या फिर उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की। प्रजापति समाज ने चेतावनी दी कि 25 अप्रैल तक आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। रतिदेवी ने मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति भवन में शिकायती पत्र भेजा है। एडीजी प्रशांत कुमार ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।