सिपाही के बेटे ने किया था हिमांशु का अपहरण
मेरठ। कंकरखेड़ा में आठ साल के हिमांशु का अपहरण करने वाला आरोपी पीएसी के सिपाही का बेटा निकला। अपहरण के बाद फिरौती वसूलने की प्लानिंग थी। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। बच्चा सकुशल बरामद करने पर परिवार ने पुलिस की सराहना की।
एसएसपी मंजिल सैनी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि कंकरखेड़ा के मंगलपुरी निवासी आनंद के आठ साल के बेटे हिमांशु उर्फ डेविड का शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अपहरण हुआ था। आठ घंटे बाद रात करीब 11 बजे पुलिस ने बच्चे को सकुशल कैंट स्टेशन से बरामद कर लिया। दरअसल पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें बच्चे को पड़ोसी पंकज कुमार ले जाता दिखाई दिया। जिसके बाद पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा ने बताया कि पंकज का पिता होतीराम 44 वी वाहिनी पीएसी में सिपाही है। सिपाही अपने बेटे को पीटता था। जिससे चिढ़कर उसने बच्चे को अगवा कर फिरौती वसूलने का प्लान बनाया था।
बेटा पुलिस में जाना, बदमाशों को पीटना
प्रेसवार्ता में बच्चे को लेकर उसके परिजन भी पहुंच गए। परिजन बोले कि कंकरखेड़ा पुलिस गंभीर नहीं होती तो उनके बच्चे के साथ अनहोनी हो सकती थी। पुलिस ने बच्चे की जान बचाई है। हिमांशु की दादी ने एसएसपी को आशीर्वाद देते कहा कि बेटी ऐसे ही लोगों की जान बचाती रहो। भगवान आपकी तरक्की करेंगे। एसएसपी ने बच्चे को अपने पास खड़ा किया और कहा कि बेटा बड़े होकर पुलिस में जाना और बदमाशों को खूब पीटना। ताकि कोई भी तेरे जैसे मासूम बच्चे को अगवा न कर सके।
खास बातें:
- कैंट रेलवे स्टेशन से पुलिस ने किया बच्चे को बरामद
- सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गया था आरोपी