मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में बदमाशों ने रंगदारी न देने पर व्यापारी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट की। बाद में बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। आसपास के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को घेर लिया और हंगामा कर दिया।
लिसाड़ीगेट के अली बाग कालोनी निवासी मोहम्मद वारिस की हुमायूंनगर में दुकान है। जो मूंगफली का थोक व्यापारी भी है। पीड़ित का आरोप है कि हुमायू नगर निवासी एक युवक बीस हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। एक सप्ताह पहले भी आरोपी अपने दोस्त को लेकर पहुंचा और तमंचा तानते हुए पैसों का इंतजाम करने के लिए कहा था।
सोमवार देर रात आरोपी अपने दोस्त को लेेकर पहुंचा और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए गल्ले में रखे दस हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी को दुकान में गिराकर पीटा और आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। कंट्रोल रूम की सूचना पर यूपी 100 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। रात में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट राशिद अली का कहना है कि रंगदारी का मामला नहीं है। दोनों में पुराना विवाद बताया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।