मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र के सोतीगंज के पास शुक्रवार सुबह दुकान के विवाद को लेकर दुकान मालिक और किराएदार आमने सामने आ गए। हंगामे की सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। किराएदार ने दुकान मालिक पर दुकान से पैसे निकालने का आरोप लगाया।
सदर बाजार इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल के अनुसार, सदर के ढोलकी मोहल्ला निवासी भरतराम अग्रवाल की सोतीगंज के पास दुकान है। बताया गया कि करीब 80 साल पहले उन्होंने पत्ता मोहल्ला निवासी मूलचंद को अपनी एक दुकान किराए पर दी थी। इस दुकान में मूलचंद के बेटे लोकेश चंद गुप्ता हार्डवेयर का सामान बेचते हैं। दोनों पक्षों के बीच दुकान खाली कराने को लेकर विवाद चल रहा है। लोकेश चंद का आरोप है कि मकान मालिक अब वहां दुकान तोड़कर कांपलेक्स बनाना चाहता है। आरोप है कि दुकान मालिक ने रात में जेसीबी से दुकान की एक दीवार तुड़वा दी। शुक्रवार सुबह किराएदार लोकेश अपने पक्ष के व्यापारियों के साथ पहुंचे और दुकान की दीवार टूटी देखकर हंगामा कर पुलिस को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। काफी गहमागहमी के बाद दीवार का निर्माण शुरू कराया गया। व्यापारी लोकेश का आरोप है कि उन्होंने समय से दुकान का किराया दिया है उसके बाद भी गलत तरीके से दुकान को तोड़कर खाली क्यों कराया जा रहा है। वहीं दुकान मालिक का कहना है कि उनकी दुकान पर जबरन कब्जा किया गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।