बहसूमा। गांव अकबरपुर सादात के कुछ किसानों ने वन विभाग के वन दरोगा पर हरे भरे पेड़ कटवाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र लिखा है। आरोप है कि वन दरोगा ठेकेदारों से साठगांठ कर क्षेत्र के हरे-भरे जैसे आम, शीशम आदि बेशकीमती पेड़ों को कटवाकर पर्यावरण को भी हानि पहुंचा रहा है।
अकबरपुर सादात निवासी किसान अंकित, मंसूर, नरेंद्र, फराकत अली, नौशाद, नईम व शकील आदि ने बताया कि सैंचुरी क्षेत्र में तैनात वन दरोगा विनोद कुमार ठेकेदारों से मिलीभगत कर शीशम, आम के बहुमूल्य पेड़ कटवा रहा है। जिससे पर्यावरण को हानि हो ही रही है। उक्त वन दरोगा बीते छह वर्षों से मठाधीश बनकर हस्तिनापुर रेंज में तैनात है। किसान नईम ने बताया कि उसने बहसूमा में लकड़ी की कुट्टी की मशीन लगा रखी है। आरोप है कि शुक्रवार को वन दरोगा ने अन्य मशीन संचालक से दस हजार रुपये प्रति माह देने अन्यथा लकड़ी के किसी झूठे मामले में जेल भेज देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वन दरोगा ने उसकी जेब में रखे तेरह सौ रुपये भी जबरन निकालने का आरोप लगाया है। किसानों ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से मठाधीश वन दरोगा का स्थानांतरण कराने की मांग की है। वहीं इस संबंध में वन दरोगा विनोद कुमार का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है।