शराब की बोतल ने देने पर मारपीट, सेल्समैन से दो लाख की रंगदारी मांगी
- रोहटा क्षेत्र के पूठखास गांव की घटना
- हत्या के मामले में जेल से छूटकर आया है हत्यारोपी
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। रोहटा थाना क्षेत्र के गांव पूठखास गांव में शराब के ठेके पर कुछ युवकों ने तोड़फोड़ करते हुए सेल्समैन से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित ने एक नामजद व चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लोगों के मुताबिक आरोपी युवक कुछ दिन पूर्व हत्या के मामले में कुछ दिन पूर्व जेल से छुटकर आया है।
गांव जिटोला निवासी उमेश गुर्जर का पूठखास गांव में गंगनहर के पास अंग्रेजी शराब का ठेका है। जिटोला गांव निवासी सुंदरपाल पुत्र हरपाल सेल्समैन है। शनिवार रात नौ बजे दो बाइक सवार चार-पांच युवक ठेके पर पहुंचे। युवकों ने दो शराब की बोतलें मांगी, सेल्समैन ने पहले पैसे मांगे। जिसको लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने तमंचे निकाल लिए और सेल्समैन के साथ मारपीट करते हुए ठेके में तोड़फोड़ कर दी। सेल्समैन की माने तो आरोपी युवकों ने धमकी दी कि अगर यहां ठेका चलाना है तो ठेका मालिक दो लाख रुपये का इंतजाम कर ले, मैं जेल से छूटकर आया हूं किसी को नहीं छोड़ूंगा। आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। ठेके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी की पहचान हो सकी। पीड़ित सेल्समैन सुंदरपाल की तहरीर पर पुलिस ने रोहटा निवासी पंकज पुत्र मोहनवीर चौधरी व उसके चार साथियों के साक मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, थाना प्रभारी के मुताबिक धनवीर सिंह यादव का कहना है कि पंकज चौधरी कंकरखेड़ा में एक हत्या के मामले में डेढ़ साल से बंद था, जो हाल ही में जमानत पर जेल से छूटकर आया है। कैमरे की फुटेज में उसकी पहचान हुई है। पीड़ित की तहरीर पर पंकज व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर कार्यवाही की जा रही है। जल्द ही हमलावर गिरफ्तार कर जेल भेजे जायेगें।