रोहतक सहित सभी केंद्र
सोना लूट कांड
- एसटीएफ ने आरोपी को साथ लेकर पानीपत में मारा छापा
- छह किलो सोना बरामद करने के लिए मेरठ पुलिस लगी
- बेगमपुल स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी से सोना लूट का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। सोना लूटकांड में एसटीएफ मेरठ ने मंगलवार को पानीपत में छापा मारा। जहां से एक डिपार्टमेंटल स्टोर के मैनेजर बेअंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने एक आरोपी की निशानदेही पर यह कार्रवाई की।
बेगमपुल स्थिम मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में बदमाशों ने 21 फरवरी को दस किलो सोना लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों सुशील दादरी, भगत सिंह तालियान और दीपक कुमार से चार किलो सोना बरामद किया था तो रविवार को मयंक व विशाल कौशिक निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। छह किलो सोना बरामद करने के लिए मंगलवार को एसटीएफ मेरठ आरोपी मयंक को साथ लेकर पानीपत पहुंची।
अपहरण का शोर मचा
एसटीएफ की टीम ने डिपार्टमेंट स्टोर के मैनेजर बेअंत सिंह को हिरासत में लिया तो इस दौरान लोगों ने बदमाशों द्वारा बेअंत का अपहरण करने का शोर मचा दिया। दरअसल एसटीएफ की टीम सादे कपड़ों में थी। इसकी जानकारी पर बेअंत के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों की एसटीएफ की टीम से भिड़ंत हो गई। लेकिन टीम बेअंत को मेरठ ले आई। अधिकारियों के अनुसार बेअंत सिंह सोना लूट कांड के आरोपी विपुल निवासी वैष्णो धाम कॉलोनी कंकरखेड़ा का बहनोई है। जांच में सामने आया कि मेरठ से फरार होने के बाद विपुल बेअंत के पास पानीपत में रुका था। आरोपियों से पूछताछ के बाद यह पता चला तो पानीपत में छापा मारा गया। वहीं, बेअंत के परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है।
सोना बरामद करने की जद्दोजहद
एसपी सिटी मेरठ अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस और एसटीएफ को छह किलो सोना बरामद करना है। एसटीएफ की टीम हर सूचना पर छापेमारी कर रही है। मोदीनगर निवासी वरुण के पास सोना होना बताया था। लेकिन वह भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस भी अपने स्तर से जांच में जुटी है। क्राइम ब्रांच की टीम भी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।