मेरठ। परतापुर में भूडबराल में मंगलवार रात नशे में धुत दो युवकों ने एक होटल मालिक के पुत्र और ग्राहक पर चाकू से जानलेवा हमला बोल दिया। दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने पर सांप्रदायिक तनाव फैल गया। हमलावर बाइक से फरार हो गए।
भूड़बराल निवासी इमरान ने बताया कि उसके जीजा आजाद का हाईवे पर होटल है। पास ही आजाद के बेटे फरमान की मूढ़ों की दुकान है। रात को फरमान दुकान बंद कर होटल पर बैठा था। रात करीब 9:15 बजे शराब के नशे में धुत भूडबराल निवासी दो युवक होटल पर आए और हंगामा करने लगे।
आरोप है कि उन्होंने गालीगलौज करते हुए फरमान से सिगरेट मांगी। फरमान ने उन्हें शांत बैठने को कहा। जिस पर दोनों युवकों ने फरमान की गर्दन पर चाकू से वार किया। वहां मौजूद रहीसुद्दीन नाम के ग्राहक ने बीचबचाव किया तो युवकों ने रहीसुद्दीन की गर्दन पर भी वार कर दिया। ये देख होटल का स्टाफ हमलावरों को पकड़ने दौड़ा। लेकिन दोनों बाइक से फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि युवकों ने फरमान की जेब से करीब 25 हजार रुपये भी लूट लिए। सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। सीओ के अनुसार आरोपी शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। रोकने पर चाकू मारा गया है। लूटपाट नहीं हुई है। पीड़ितों ने दोनों के नाम बताए हैं। उनकी धरपकड़ की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
खास बातें:
परतापुर हाईवे स्थित होटल में दो युवकों ने की घटना, सांप्रदायिक तनाव